मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की, डीसी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
करनाल, 16 सितंबर। डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन तथा जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को सायं 6 बजे कर्णताल से आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिला की सभी गौशालाओं में सुबह हवन यज्ञ तथा शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गौशालाओं में पशु स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें गोवंश के स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके अलावा जिला में 12 वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तर के साथ-साथ नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका तथा महाग्रामों में भी सेवा शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों से संबंधित समस्याओं का समाधान, लंबित मामलों का निपटान तथा पात्र नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लोगों को सेवाओं और योजनाओं का लाभ यथासंभव मौके पर ही उपलब्ध करवाया जाए।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी रचनात्मक गतिविधियां
डीसी ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। जिला एवं स्कूल स्तर पर बेहतर गतिविधियों और नवाचारों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
प्रत्येक कार्यक्रम की हो नियमित निगरानी
डीसी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग अभियान के तहत अपनी कार्ययोजना को समय रहते अंतिम रूप दें और सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करना सुनिश्चित करें। प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित निगरानी की जाए। जिला में आयोजित कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सभी कार्यक्रमों की हाई डेफिनेशन फोटो एवं वीडियो तैयार करवाना सुनिश्चित किया जाए। अभियान के उपरांत जिला में आयोजित गतिविधियों एवं नवाचारों पर आधारित कॉफी टेबल बुक भी तैयार की जाएगी।
लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का होगा शुभारंभ
बैठक में डीसी ने बताया गया कि अभियान के दौरान दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे योजना का लाभ अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को भी लाभ प्रदान किया जाएगा। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। कार्यक्रमों के दौरान पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में एडीसी डॉ राहुल रईया, करनाल के एसडीएम देवेंद्र शर्मा, घरौंडा के एसडीएम अनुभव मेहता, इन्द्री एसडीएम डॉ रमन गुप्ता, नीलोखेड़ी के एसडीएम अशोक कुमार,असंध एसडीएम सुमित सिहाग,सीईओ जिला परिषद अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
