करनाल, 11 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालना में सोमवार को देर सांय डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा असंध के गांव मूनक पहुंचे। इस दौरान डीसी ने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि ठहराव के दौरान सरपंच फूल कुमारी व सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश ने डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा व अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने बारी-बारी से गांववासियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा 51 शिकायतें एवं समस्याएं रखी गईं। ग्रामीणों ने सडक़, पीपीपी में आय सत्यापन, अवैध कब्जे छुड़वाने,बिजली, पेयजल, गलियों, नालियों, सफाई, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं से डीसी को अवगत कराया।
डीसी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत की स्थिति की जानकारी ली तथा जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हर माह एक गांव में रात्रि ठहराव आयोजित किया जाता है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुनना तथा विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा रखी गई शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर एडीसी डॉ राहुल रईया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, एसडीएम सुमित सिहाग, डीएसपी गौरखपाल राणा, बीडीपीओ मोनिका, बीडीपीओ उमेद सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीन राणा, ब्लॉक समिति के चेयरमेन जितेंद्र संधु सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे
