पिहोवा 11 अगस्त – हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि सावन का महीना हमें भगवान शिव के त्याग, तपस्या और कल्याणकारी स्वरूप से सीखने का अवसर देता है। शिव जी हमें निष्काम कर्म, नशे से दूरी और समाज सेवा की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी इसी भाव से प्रदेश के विकास में जुटी है। शिव की कृपा से हरियाणा राज्य नशा मुक्त और संस्कारवान बनेगा। सावन में शिव मंदिरों में आने वाले बच्चों को धर्म, संस्कृति, गीता के श्लोक, योग और खेल से जोड़ा जा रहा है।

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने मंगलवार को सावन माह की महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय पिहोवा में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने विधि-विधान से शिवलिंग का जल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र से अभिषेक किया। पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। मंदिर परिसर में ओम नमः शिवाय और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद उपाध्यक्षा सुमन सैनी, भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी व चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने सावन महोत्सव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में रुद्राक्ष, पीपल, बरगद और नीम के पौधे लगाए। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि शिव जी को वृक्ष और जल दोनों प्रिय हैं। इसलिए सावन में पौधारोपण करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी मंदिर कमेटी और गांव के युवाओं को दी।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि संगमेश्वर महादेव का यह मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। शिव हमें कर्म और सेवा की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक प्रकार की नीतियां धरातल पर लागू की गई है और भविष्य के लिए भी योजनाएं तैयार की जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहें और अभिभावक भी अपने बच्चों को धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ें। एक स्वस्थ और नशा मुक्त पीढ़ी ही विकसित हरियाणा का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के लिए विशेष बजट दिया जा रहा है। संगमेश्वर मंदिर के विकास के लिए भी सरकार हर संभव मदद करेगी। इस मौके पर श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय सेवा दल के प्रमुख प्रबंधक भूषण गौतम,  जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, अल्पसंख्यक प्रदेशाध्यक्ष अवनीत वड़ैच, मंडल अध्यक्ष बाबूराम, गुलशन कुमार, लाडी पाल, प्रिंस मंगला, प्रदीप शर्मा, महेश तलवाड़, सतीश सैनी, गीता शर्मा, पवन शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *