कुरुक्षेत्र,
हरियाणा पिछड़ा वर्ग महासभा की ओर से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सिरसला रोड स्थित कार्यालय में तिरंगा लहराया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा पिछड़ा वर्ग महासभा के अध्यक्ष रामकुमार रंबा ने शनिवार को सिरसला रोड स्थित कार्यालय में पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ को बड़े स्तर पर आयोजित करने का फैसला लिया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ भारत सरकार का एक राष्ट्रीय अभियान है, जिसके माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय, विद्यालय, संस्थान और सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाता है।। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। यह केवल सरकार का नहीं, हम सभी का संकल्प होना चाहिए।
