कुरुक्षेत्र 7 अगस्त पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन ने कहा कि अन्नामृत फाउंडेशन का मिड-डे मील किचन पूरी तरह एलपीजी मुक्त हो गया है और अब यहां भोजन तैयार करने का कार्य पूर्णता: पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के माध्यम से किया जाएगा। यह किचन 500 से अधिक विद्यालयों के 35000 से अधिक विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन पौष्टिक भोजन तैयार करता है। पीएनजी के उपयोग से रसोई को निर्बाध, सुरक्षित, किफायती, दक्ष एवं पर्यावरण-अनुकूल ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन शुक्रवार को अन्नामृत फाउंडेशन के मिड-डे मील किचन कुरुक्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का सफलतापूर्वक शुभारंभ करने के उपरांत बातचीत कर रहे थे। इससे पहले पीएनजीआरबी के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, पीएनजीआरबी के मॉनिटरिंग डिवीजन के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल कुमार अभिषेक व एचपीओआईएल गैस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीएस चक्रवर्ती ने विधिवत रुप से पीएनजी कनेक्शन का उद्घाटन किया।
पीएनजीआरबी के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन ने कहा कि यह पहल स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है। सभी मेहमानों ने एचपीओआईएल गैस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पीएनजी अवसंरचना का विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना एचपीओआईएल गैस की विश्वसनीय, सुरक्षित एवं टिकाऊ ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
