कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए 7 अगस्त को इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन प्रातः 11 बजे आडिटोरिम हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। संस्थान की प्राचार्या प्रो. रीटा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020), संस्थान की विभिन्न गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना है।
प्रो. रीटा ने कहा कि इंडक्शन प्रोग्राम विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय जीवन की एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, शोध, नवाचार, कौशल विकास तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्हें पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेडक्रॉस, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित संस्थान व विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इंडक्शन कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक उद्बोधन देंगे। वे विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा अपने ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान करेंगे।
