असंध/ करनाल, 6 अगस्त। एसडीएम असंध सुमित सिहाग ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपमंडल स्तर पर सफल आयोजन के लिए सभी उपमंडल अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारा एक राष्ट्रीय पर्व है। इस पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाए और सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियां आरंभ करे । यह समारोह 15 अगस्त को हर्षोल्लास, उमंग व उत्साह के साथ उपमंडल स्तर पर नई अनाज मंडी असंध में धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ऐसे अधिकारियों, कर्मचारियों के नाम सम्मानित होने के लिए भेजें जाए जिन्होंने वास्तव में अपने विभाग के माध्यम से जनता के लिए बेहतरीन कार्य किया हो। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी अपनी सिफारिश सहित इन नामों की सूची 12 अगस्त तक एसडीएम कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने डीएसपी असंध को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के समुचित प्रबंध होने चाहिए और उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को कहा कि रिहर्सल और समारोह के दिन बिजली व्यवस्था बाधित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए और जनरेटर की व्यवस्था करवाएं तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों और समारोह स्थल की सफाई व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें। समारोह में मीडिया व्यवस्था एवं प्रचार प्रसार संबंधित कार्य एआईपीरओ कार्यालय असंध की तरफ से किया जाएगा।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था, बैठक की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह के भव्य आयोजन के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले बच्चों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न आने दे, उनके लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल, शौचालय तथा आने-जाने की व्यवस्था का उचित प्रबंध हो। यह व्यवस्था रिहर्सल के दिनों में भी होनी चाहिए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि समारोह में बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अच्छी टीमों का चयन किया जाए और सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह की गरिमा के अनुरूप होने चाहिए।
एसडीएम ने कहा कि समारोह में आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक राष्ट्रीय पर्व के साक्षी बन सकें और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ मना सकें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर डीएसपी गोरखपाल राणा, नायब तहसीलदार राधेश्याम, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, एसडीओ पीडब्ल्यूडी शैलेंद्र, एसएमओ सूबे सिंह सहित अन्य उपमंडल अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
