कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा 7 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे गणपति चंद्र गुप्त हॉल में हिंदी विषय में रोजगार की संभावनाएं विषय पर रोजगारोन्मुखी विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। इस व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उपलब्ध आधुनिक रोजगार अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धी आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गदर्शन प्रदान करना है।
हिंदी विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक प्रो. (डॉ.) महासिंह पूनिया ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि रोजगारोन्मुखी कौशल एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में आयोजित इस विशेष व्याख्यान में हिंदी विषय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवा शिक्षकों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ’’सरिता हर्ष, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा), बैंक ऑफ बड़ौदा’’ होंगी। वे बैंकिंग क्षेत्र में राजभाषा अधिकारियों की भूमिका, हिंदी अनुवाद, संपादन, मीडिया, पत्रकारिता, डिजिटल कंटेंट लेखन, प्रकाशन, प्रशासनिक सेवाओं, कॉरपोरेट सेक्टर, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी संस्थानों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भाषा प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में हिंदी के बढ़ते रोजगार अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगी। साथ ही वे अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण, आवश्यक कौशल विकास तथा रोजगार प्राप्त करने की रणनीतियों के बारे में भी मार्गदर्शन देंगी।
प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी का दायरा निरंतर विस्तृत हो रहा है। डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, ई-गवर्नेंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित भाषा सेवाओं, कंटेंट डेवलपमेंट तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय संस्थानों में हिंदी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक एवं हिंदी भाषा में रुचि रखने वाले प्रतिभागी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। हिंदी विभाग ने सभी विद्यार्थियों से इस रोजगारोन्मुखी विशेष व्याख्यान में उपस्थित होकर विशेषज्ञ के अनुभवों एवं मार्गदर्शन का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
