कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईटीटीआर) में 20 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित 10 दिवसीय सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यशाला में आईटीईपी के बीए-बीएड, बीएससी-बीएड तथा बीकॉम-बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रो. अनीता दुआ ने कहा कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में भावी शिक्षकों के लिए डिजिटल दक्षता अत्यंत आवश्यक है और इस प्रकार की कार्यशालाएं उन्हें आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप तैयार करती हैं।
विशेषज्ञ के रूप में डॉ. मनीष गोयल ने विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल, पावरपॉइंट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरण, साइबर सुरक्षा एवं नैतिकता, ई-अधिगम, आभासी एवं संवर्धित वास्तविकता सहित विभिन्न डिजिटल तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही कंप्यूटर प्रयोगशाला में व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। कार्यशाला का संयोजन डॉ. रीटा सैनी ने किया। इस अवसर पर संस्थान के सभी प्राध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
