धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुरक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र पुलिस की टूरिस्ट पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल ब्रह्मसरोवर पर तैनात टूरिस्ट पुलिस न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बना रही है, बल्कि बाहरी राज्यों एवं अन्य स्थानों से आने वाले पर्यटकों को आवश्यक जानकारी और हरसंभव सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन के दिशा-निर्देशानुसार टूरिस्ट पुलिस की टीमें प्रमुख पर्यटन स्थल पर नियमित रूप से तैनात रहती है। पर्यटकों को मार्गदर्शन देने, यातायात संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने, खोए हुए सामान अथवा परिजनों को मिलवाने, आपातकालीन स्थिति में सहायता पहुंचाने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी का त्वरित समाधान करने के लिए पुलिस कर्मचारी पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं। टूरिस्ट पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विनम्र व्यवहार करते हुए उन्हें धार्मिक स्थलों की जानकारी, आवश्यक दिशा-निर्देश तथा सुरक्षा संबंधी सुझाव भी दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वभर में अपनी धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना जिला पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट पुलिस की सक्रियता से पर्यटकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और धर्मनगरी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। कुरुक्षेत्र पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत टूरिस्ट पुलिस अथवा नजदीकी पुलिस कर्मचारी से संपर्क करें। जिला पुलिस सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
