करनाल, 4 अगस्त।     युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी संगठन माई भारत करनाल द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को पंडित चिरंजी लाल कॉलेज, करनाल के सभागार में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर तहसीलदार राजेश खुर्राना विशिष्ट अतिथि तथा शिक्षा विभाग से डीएसएस दीपक वर्मा भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के 600 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएं तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

विधायक ने कहा कि आज का युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़ेगा तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गांव, मोहल्ले और शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्ति का संदेश लेकर जाएं तथा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर तहसीलदार राजेश खुराना ने कहा कि यदि प्रत्येक युवा अपने स्तर पर नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प ले तो यह अभियान एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले सकता है। डीएसएस दीपक वर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर आधारित आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें नृत्य, चित्रकला, कविता पाठ, रील मेकिंग एवं शॉर्ट फिल्म, नुक्कड़ नाटक, नारा लेखन, वाद-विवाद तथा संगीत प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया।
इस दौरान जिला समाज कल्याण कार्यालय के समन्वय से नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 नशा मुक्त मित्रों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी माई भारत करनाल अंजलि चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को शुरू किया गया ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 100 रविवार तक जिले में ग्राम चौपाल, जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में करनाल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।

बॉक्स : प्रथम स्थान प्राप्त विजेता
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में नृत्य प्रतियोगिता में आयुषी ग्रुप, चित्रकला में गौरव, कविता पाठ में हैनी शर्मा, रील मेकिंग एवं शॉर्ट फिल्म में तमन्ना एवं टीम, नुक्कड़ नाटक में विजय ग्रुप, नारा लेखन में ट्विंकल, वाद-विवाद में रिया तथा संगीत प्रतियोगिता में माही एवं तमन्ना ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये सभी प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में करनाल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *