करनाल, 4 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने मंगलवार को घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों का जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौका निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य भावी विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करना तथा उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का समाधान कर विकास कार्यों को गति देना था।
निरीक्षण के दौरान लघु सचिवालय के विस्तार, ऑडिटोरियम हॉल के समीप शहीद स्मारक एवं आधुनिक पुस्तकालय निर्माण, बिजली विभाग की भूमि पर पार्किंग विकसित करने, अराईपुरा एवं उपमंडल कार्यालय मार्ग के चौड़ीकरण, सर्विस लेन पर रैंप निर्माण, जीटी रोड की सर्विस लेन एवं मिनी बाईपास के चौड़ीकरण सहित विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने खूनी पुल पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण में रेलवे विभाग की ओर से आ रही बाधाओं के समाधान, फुरलक रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने, जीटी रोड स्थित कैमला एवं अराईपुरा अंडरपास का आकार बढ़ाने, रेलवे रोड स्थित पुरानी दुकानों के व्यवस्थित पुनर्विकास, रेलवे लाइन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण तथा रेलवे की खाली भूमि पर खेल मैदान विकसित करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा मलिकपुर रोड स्थित एसटीपी की खाली पड़ी भूमि के बेहतर उपयोग को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं का तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं। जिन परियोजनाओं में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी तालमेल स्थापित कर बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा जिन परियोजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
