करनाल, 04 अगस्त । भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से दिशा योजना के अंतर्गत संचालित टेली-लॉ कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों को नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरियाणा में 22 दिवसीय जिला-स्तरीय दिशा मोबाइल जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्रधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने लघु सचिवालय से दिशा जागरूकता मोबाइल वैन को संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया। करनाल इस राज्यव्यापी अभियान का प्रथम जिला है। यह मोबाइल वैन आगामी दो सप्ताह तक जिले के सभी गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को टेली-लॉ कार्यक्रम, नि:शुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा अन्य डिजिटल न्याय संबंधी सेवाओं की जानकारी प्रदान करेगी। इसके उपरांत यह अभियान प्रदेश के अन्य जिलों में भी संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन को न्याय व्यवस्था, कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव अथवा संकोच के कारण अनेक लोग अपने कानूनी अधिकारों का लाभ नहीं उठा पाते। यह अभियान ऐसे लोगों तक सरल एवं प्रभावी ढंग से विधिक जानकारी पहुंचाने का कार्य करेगा।
सीजेएम मीनाक्षी यादव ने कहा कि टेली-लॉ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को घर के निकट ही नि:शुल्क कानूनी परामर्श एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस जागरूकता अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि दिशा मोबाइल जागरूकता वैन में एलईडी डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस (ध्वनि प्रसारण) प्रणाली, ऑडियो-वीडियो जागरूकता सामग्री तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री उपलब्ध है। इसके माध्यम से नागरिकों को टेली-लॉ सेवाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता, विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनी प्रावधानों तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की सरल भाषा में जानकारी दी जाएगी।
डीसी व सीजेएम ने संयुक्त रूप से जिला के नागरिकों से अपील की कि जब यह जागरूकता वैन उनके क्षेत्र में पहुंचे तो अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाएं तथा अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें।
इस अवसर पर सीएससी के स्टेट हेड आशीष शर्मा, स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर आरिफ राजाका, टेली-लॉ विभाग के सीनियर मैनेजर शक्ति सिंह, नरेंद्र सिंह तथा स्टेट कोऑर्डिनेटर मुजफ्फर हुसैन सहित जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
