करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महापौर मंगलवार को डी.ए.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मण्डल रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित “मेगा जॉब फेयर-2026” के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है और मेगा जॉब फेयर जैसी पहल उद्योगों तथा युवाओं के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।
महापौर ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए मण्डल रोजगार कार्यालय, डी.ए.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सहभागी कंपनियों तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा।
इस अवसर पर एसडीएम देवेंद्र शर्मा, डिविजनल एम्प्लॉयमेंट कार्यालय से ज्योति, कमलेश अरोड़ा, सृष्टि, प्रोफेसर डॉ. बलराम सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मेगा जॉब फेयर में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में योग्य युवाओं के लिए रोजगार के आकर्षक अवसर उपलब्ध कराए। बड़ी संख्या में युवाओं ने मेले में पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन किए और चयन प्रक्रिया में भाग लिया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही विकसित एवं समृद्ध भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने कौशल को निरंतर विकसित करते हुए ऐसे रोजगार अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं।
