कुरुक्षेत्र 3 अगस्त जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कुरुक्षेत्र ने कहा कि जिला में 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। स्तनपान को बढ़ावा देने एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे है। विश्व स्तनपान सप्ताह का इस वर्ष का स्लोगन है, विश्व स्तनपान सप्ताह-जीवन की स्थायी शुरुआत के लिए स्तनपान, जो कारगर है उसे मजबूत करें। जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के मेडिकल अधिकारियों व एएनएम/आशा कार्यकर्ताओं द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों, गांवों व शहरी क्षेत्रों में बैठके एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन बैठकों में गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को स्तनपान के लाभ एवं सही तरीके के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रथम 1 घंटे में स्तनपान जन्म के तुरंत बाद बच्चे को मां का पहला पीला दूध कोलोस्ट्रम अवश्य पिलाया जाए, 6 माह तक केवल स्तनपान-इस अवधि में पानी, घुट्टी या अन्य आहार न दिया जाए, माताओं की शंकाओं का समाधान दूध कम बनने, निप्पल में दर्द जैसी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह दी जाए। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि मां का दूध शिशु के लिए प्रथम टीका एवं संपूर्ण आहार है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और कुपोषण, दस्त एवं निमोनिया जैसी बीमारियों से बचाव करता है। साथ ही यह माता को प्रसव के बाद जल्दी रिकवर करने एवं स्तन कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव में सहायक है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी परिवारों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय से अपील की है कि वे नई माताओं को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें पूरा सहयोग दें, ताकि स्वस्थ शिशु, स्वस्थ कुरुक्षेत्र के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
