कुरुक्षेत्र 3 अगस्त राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सहायक निदेशक प्रियांशु कुमार ने कहा कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग (एफओडी) वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सूचनाए एकत्र करने का कार्य कर रहा है। इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजना निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है। देशव्यापी नमूना सर्वेक्षणों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक मानकों पर एक सुदृढ़ डेटाबेस विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसने केंद्र एवं राज्य सरकारों को विकास संबंधी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायता प्रदान की है।
सहायक निदेशक प्रियांशु कुमार ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा जानकारी एकत्र की जाती है। इसके लिए वे ई-सिग्मा सॉफ्टवेयर से युक्त हैंडहेल्ड डिजिटल उपकरणों (टैबलेट) तथा उद्यम सर्वेक्षणों के लिए निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टलों का उपयोग करते है। अधिकारी वैज्ञानिक रूप से तैयार की गई नमूना चयन (सैंपलिंग) पद्धतियों के आधार पर चयनित परिवारों, उद्यमों, गांवों और शहरी ब्लॉकों का दौरा करते है। घरेलू सर्वेक्षणों में जानकारी परिवार के मुखिया या परिवार के किसी जानकार सदस्य से प्राप्त की जाती है, जबकि उद्यम सर्वेक्षणों में आवश्यक जानकारी अधिकृत व्यक्ति या उद्यम के मालिक द्वारा प्रदान की जाती है। इन सर्वेक्षणों में एकत्र की गई सभी सूचनाए पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान किसी भी रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती है। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उन्होंने कहा कि अगस्त 2026 माह के दौरान विभिन्न जिलों में एनएसओ (एफओडी) द्वारा सर्वेक्षण कराए जा रहे है, जिनमें से कुरुक्षेत्र जिले के सर्वेक्षणों का विवरण संलग्नक-1 में संलग्न है। थोक मूल्य सूचकांक, क्रेता मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक तथा निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण हेतु चयनित इकाइयों को नोटिस भेजे गए है तथा समय-समय पर आंकड़ा संकलन के लिए एनएसओ (एफओडी) के अधिकारियों द्वारा उनसे संपर्क किया जाता है। कार्यशील सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण (अप्रैल-सितंबर 2026) के अंतर्गत चयनित सहकारी समितियों से आंकड़े एकत्र करने हेतु एनएसओ (एफओडी) के अधिकारियों द्वारा संपर्क किया जाता है। सरकार सभी नागरिकों/उद्यमों (जिनका उल्लेख परिशिष्ट-1 में किया गया है) से अनुरोध करती है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें तथा सही और पूर्ण जानकारी देने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें। सभी नागरिकों की सहभागिता राष्ट्र के हित में बेहतर योजना निर्माण और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *