विधायक रामकुमार कश्यप ने इस्लामनगर में 60 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
करनाल, 1 अगस्त। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने शनिवार को गांव इस्लामनगर में 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित फिरनी का उद्घाटन किया तथा 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आदि कवि महर्षि संस्कृति हॉल का शिलान्यास किया। गांव पहुंचने पर ग्राम वासियों ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विकास का अंतर समाप्त करना है, जिसके तहत गांवों में भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित कर रही है। सड़कों, सामुदायिक भवनों, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा गांव के विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सरपंच संगीता देवी, सरपंच प्रतिनिधि धर्मबीर सिंह, बूथ अध्यक्ष सोहनलाल , सरपंच शशि , जितेंद्र व पवन,पंच बलजीत, राजकुमार, राजेंद्र व सुनील कुमार, उर्मिला देवी, रोहतास कंबोज , नंबरदार जोगिंदर, रामपाल पंचाल, रणवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
