कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), कुरुक्षेत्र द्वारा गांव मथाना में विशाल मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे मानवता की सर्वाेच्च सेवा बताया तथा सभी नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विधि संस्थान के निदेशक प्रो. अमित लूदरी ने विद्यार्थियों को रक्तदान, सामाजिक सेवा तथा जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सामाजिक सहभागिता ही एक संवेदनशील और जागरूक समाज के निर्माण का आधार है। इस अवसर पर विधि संस्थान की लीगल एड सेल क्लिनिक की संयोजिका डॉ. कृष्णा अग्रवाल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. करमदीप ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। शिविर में विधि संस्थान के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों रमनीक, अक्षित एवं शिवैन सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र प्रेस के निदेशक रामेश्वर सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
