कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई। सर्व समाज कल्याण सेवा समिति ने रक्त की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए लगातार तीन दिनों तक रक्तदान शिविर आयोजित कर कुल 42 यूनिट रक्त एकत्रित किया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर सैनी ने बताया कि गर्मियों के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि ब्लड बैंकों की मांग के अनुसार पहले दिन लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक, दूसरे दिन गांव मथाना तथा तीसरे दिन कृष्णा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। तीसरे दिन कृष्णा ब्लड बैंक में आयोजित शिविर को सफल बनाने में बरकत सिंह का विशेष योगदान रहा।
रामेश्वर सैनी ने कहा कि रक्तदान महादान है और रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही रक्त की कमी जैसी चुनौती का समाधान संभव है। समिति ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
