कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई : श्रीमती केसरी देवी लोहिया जयराम सैनिक स्कूल के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय अंतर-सदन फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदन -अयोध्या, लक्ष्मण, बलराम एवं मथुरा के कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चार दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद लक्ष्मण सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल अंजू अग्रवाल ने विजेता एवं सभी प्रतिभागी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के गुणों का विकास करने का सर्वोत्तम साधन हैं।
पूरी प्रतियोगिता प्रशासनिक अधिकारी सूबेदार मेजर सुरेश कुमार (रि)के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी कैडेट्स को भविष्य में भी इसी समर्पण और जोश के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण, ए.पी. टी.सी, पीटी इंस्ट्रक्टर तथा शिक्षक उपस्थित रहे और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
