कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई : जग ज्योति दरबार में वीरवार को सावन के पहले दिन सावन शिव अनुष्ठान शुरू हुआ। दरबार में महंत राजेंद्र पुरी ने नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग के समक्ष एक महीने के संकल्प के साथ सर्वकल्याण की भावना से अनुष्ठान शुरू किया। इसी के साथ बताया कि 31 जुलाई से पूरे सावन महीना की महंत राजेंद्र पुरी कठोर खड़ी तपस्या करेंगे।
महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि सावन महीने में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। सावन में भगवान शिव तथा माता पार्वती धरती पर शिव भक्तों के अंग संग होते हैं तथा शिव भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। महंत राजेंद्र पुरी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से शिव भजनों का गुणगान किया। जग ज्योति दरबार शिव महिमा भजनों से गूंज उठा। साथ ही हवन यज्ञ भी किया।
सावन के पहले दिन शिव भक्तों ने जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पण, फल इत्यादि अर्पण कर धूप-दीप से पूजन किया। दरबार में सावन महीने का रुद्राभिषेक करने के लिए दूर दूर से यजमान के तौर पर श्रद्धालु पहुंचे। महंत राजेंद्र पुरी ने पूजन के उपरांत कहा कि पूरे सावन माह में शिव की आराधना से शिव भक्तों के समस्त कष्ट दूर होते हैं। उन्होंने बताया कि दरबार में कावड़ लाने वाले शिव भक्तों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। शिव आराधना के लिए मथुरा वृंदावन से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद भी वितरित किया।
सावन के पहले दिन के अनुष्ठान में संदीप गोस्वामी, अर्जुन सांगवान, धीरज राणा, बलराम सिंह, सोहन चौहान, अमित कुमार, विकास शर्मा, विजय शर्मा, दिनेश शर्मा, विजय राठी, अक्षय राठी, हर्ष राठी, अजय राठी, मनप्रीत सिंह, सुषमा, कमला देवी, हर्षिता, मनस्वी इत्यादि भी मौजूद रहे।
