कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई : देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ग्रामीण आंचल की कन्याओं को उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से गतिमान जयराम कन्या महाविद्यालय में कन्याओं को शिक्षित करने के साथ सर्वांगीण विकास एवं देश की सुरक्षा के साथ भी जोड़ा जा रहा है। अभी हाल ही में महाविद्यालय की 5 एनसीसी कैडेट्स ने उपलब्धि हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय की पांच एनसीसी कैडेट्स सीपीएल मानसी, एलसीपीएल ईशा रंगा, कैडेट पूर्णिमा, नमन्नूर तथा मेहक ने 1 हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी अम्बाला छावनी के तत्वावधान में 19 जुलाई से 30 जुलाई तक महानिदेशालय एनसीसी नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित साइबर डिफेंडर कोर्स-I सफलतापूर्वक पूर्ण किया है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महानिदेशालय एनसीसी नई दिल्ली तथा राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से संचालित राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा क्षमता निर्माण कार्यक्रम का हिस्सा था। इसका उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को उभरती डिजिटल सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना था। यह कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया गया, जिसमें कैडेट्स को डिजिटल साक्षरता, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर स्वच्छता तथा साइबर खतरों के प्रति जागरूकता संबंधी आधारभूत जानकारी प्रदान की गई। यह चरण देशभर के सभी नामांकित एनसीसी कैडेट्स के लिए खुला था। द्वितीय चरण साइबर डिफेंडर कार्यक्रम ऑफलाइन आयोजित किया गया, जिसमें केवल मेरिट के आधार पर चयनित कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया गया। इस चरण में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण, वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास तथा आधुनिक साइबर सुरक्षा उपकरणों एवं तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे साइबर खतरों की पहचान कर उनका प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम बन सकें।
यह 12 दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम चयनित एनसीसी कैडेट्स में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ व्यावहारिक रक्षात्मक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण कर महाविद्यालय में लौटने पर महाविद्यालय की प्राचार्या डा. सुदेश रावल एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने कैडेट्स का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
