कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई। हरियाणा के पीडब्ल्यूडी विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य उनके विचारों को आत्मसात कर दिखाए गए रास्ते पर चलकर आगे बढ़ना है। युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिलती है। महापुरुषों की जयंती के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को भी उनके जीवन के बारे में पता चलता है। वह संस्कृति-संस्कारों के साथ-साथ उनके विचारों से जुड़ती है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा बुधवार को गुरु दक्ष प्रजापति धर्मशाला कुरुक्षेत्र में प्रजापति समाज की तरफ से आयोजित गुरु दक्ष प्रजापति जयंती पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने ढांड रोड पर प्रजापति सभा द्वारा बनाए जाने वाले शिक्षण संस्थान का शिलान्यास किया और प्रजापति सभा कुरुक्षेत्र को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। कुरुक्षेत्र प्रजापति धर्मशाला में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि आज बच्चों में मेहनत करने का जज्बा कम होता जा रहा है जो चिंता का विषय है। जीवन में तभी आगे बढ़ा जा सकता है जब मेहनत के संस्कार होंगे। संस्कृति से जुडक़र परिश्रम करना है। तभी समाज खुशहाल बन सकता है। उन्होंने समाज में बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान हरियाणा की धरती से शुरू किया, जिसके कारण प्रदेश के लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार हुआ है। बेटियों को आगे बढ़ने के रास्ते बढ़े हैं, लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं होती। उन्होंने कहा कि बेटा घर से बाहर निकलता है तो यह चिंता होनी चाहिए कि बेटे के कारण वातावरण खराब न हो, ऐसे संस्कार बच्चों को देने हैं। बेटे समाज में जाएं तो अच्छाई फैलाएं, यह हर घर और व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिक्षण संस्थान बनने से क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से समाज सेवा के कार्य और मजबूत होंगे। उन्होंने प्रजापति समाज से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता के क्षेत्र में आगे आएं।
मेहनत और संस्कारों से ही बनेगा खुशहाल समाज
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि आज बच्चों में मेहनत करने का जज्बा बनाकर रखने की जरूरत है। यह समाज और देश दोनों के लिए चिंता का विषय है। जीवन में आगे बढऩे के लिए केवल डिग्री काफी नहीं है। उसके साथ मेहनत, ईमानदारी और संस्कार भी जरूरी हैं। जब तक हम अपनी संस्कृति से जुडक़र परिश्रम नहीं करेंगे, तब तक हम एक खुशहाल और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण नहीं कर सकते। गुरु दक्ष प्रजापति जी ने भी अपने जीवन में कर्म और धर्म को सर्वोपरि रखा। हमें उनके आदर्शों को अपनाना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया के साथ-साथ अपनी जड़ों से भी जुड़े रहें। माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करें और समाज सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
गुरु दक्ष प्रजापति के आदर्शों पर चलने का आह्वान
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि गुरु दक्ष प्रजापति ने समाज को कर्म, धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि समाज के विकास के लिए शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी हैं। प्रजापति समाज ने हमेशा देश और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कुम्हार कला से जुड़े इस समाज ने अपनी मेहनत से न केवल आजीविका कमाई बल्कि संस्कृति को भी जीवित रखा। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों की जयंती को सरकारी स्तर पर मना कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व होता है।
युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के मिल रही सरकारी नौकरियां : साहिल सुधा
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष साहिल सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए नीतियां बनाकर उन्हें लागू कर रही है। हर वर्ग को लाभ पहुंचाया जा रहा है। युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची बिना पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए जो प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री तक पहुंचाए जाते हैं, उन्हें तुरंत मंजूरी दिया जा रही है। शहर के साथ-साथ पूरी थानेसर विधानसभा में तेज गति के साथ विकास हो रहा है।
प्रधान ने किया कैबिनेट मंत्री व अतिथियों का स्वागत
गुरु दक्ष प्रजापति सभा धर्मशाला के प्रधान पवन कुमार चौलिया ने कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और सभा की तरफ से मांगों को कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के सामने रखा।
इस मौके पर चेयरमैन गुरनाम सैनी, राजेश करड़वाल, दीपक कुमार उमरी, शीशन प्रजापति, धर्मवीर सलोनियां, मीडिया प्रभारी कृष्ण प्रजापति, रोहताश प्रजापति, जिले सिंह क्योडक़, रामलाल अरनैचा, डा. संत लाल वर्मा, रामेश्वर फरीदाबाद, भजन लाल, राजेश जडौला, शिवलाल सरवारा, हरिओम शोकल, विनोद डीग, राजेंद्र थानेसर, कृष्ण सिरसमा, पवन तिगरी, सोमलाल डाचर, अशोक चीका, ओमप्रकाश कैथल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
