कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में बुधवार को प्रेरणा संस्था के सहयोग से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की धर्मपत्नी एवं भारत विकास परिषद, मैत्रयी शाखा की अध्यक्षा डॉ. ममता सचदेवा रहीं। उन्होंने विद्यालय परिसर में रुद्राक्ष के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. ममता सचदेवा ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनकी नियमित देखभाल करें तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
विद्यालय पहुंचने पर स्कूल की वाइस चेयरमैन प्रो. सुनीता दलाल तथा प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. ममता सचदेवा, प्रेरणा संस्था के संचालक डॉ. जयभगवान सिंगला तथा अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में श्रीमती आशा सिंगला, प्रो. शुचिस्मिता, डॉ. अनीता, डॉ. आरती, डॉ. अशोक, डॉ. हरविंदर लौंगोवाल, प्रेरणा संस्था के प्रधान जसबीर गुंबर, महासचिव हरिकेश पपोसा, उपाध्यक्ष किरण गर्ग, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेखा, गगनदीप हांडा तथा संगीत विभाग की सेवानिवृत्त प्राध्यापिका प्रो. आशा पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. सुशील टाया, उषा मलिक एवं सुनीता सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
