कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी (आईएमसीएमटी) परिसर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के संदेश को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लोकल ऑडिट के ’’संयुक्त निदेशक (ऑडिट) सुखमीत सिंह तथा आरएसए भूपिंदर सिंह ने परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय में कार्यरत सभी ऑडिटर ने भी सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना तथा युवाओं में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर केयू लोकल ऑडिट के संयुक्त निदेशक सुखमीत सिंह ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण के लिए इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
आरएसए भूपिंदर सिंह ने कहा कि पौधारोपण प्रकृति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छ वायु के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से आह्वान किया कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दिया जा सके।
