कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। बाल कल्याण समिति के चेयरपर्सन राजीव कुमार ने कहा कि बाल कल्याण समिति ने राजस्थान के अलवर से 10 माह पहले लापता बच्चे के परिजनों को ढूंढकर उनको बच्चा सौंप दिया है। लावारिस बच्चा मूक बधिर है। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने बाल कल्याण समिति का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि 30 सितंबर 2025 को थाना इस्माईलाबाद के द्वारा एक मूक बधिर बालक काल्पनिक नाम राजा आयु लगभग 10 वर्ष को पेश किया गया। बच्चे का दाखिला स्थाई तौर पर बाल आश्रम लाडवा, कुरुक्षेत्र में करवा दिया गया था। जिसकी जांच पडताल बाल कल्याण समिति, कुरुक्षेत्र के द्वारा राज्य अपराध शाखा, पंचकूला एसआई राजेश कुमार के द्वारा की गई। जांच में पाया गया कि बच्चा जिला अलवर, राजस्थान का है। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां के थाने में दर्ज है।
उन्होंने कहा कि बच्चे परिजन कार्यालय में उपस्थित हुए और सभी तरह की जांच पड़ताल के पश्चात बच्चे को उसके परिजनों को बाल कल्याण समिति के द्वारा सौंप दिया गया। इस मौके पर सोनिया कौशिक, नीलम सैनी, मंजुला गोयल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
