कुरुक्षेत्र, 27 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के वाणिज्य विभाग के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विभाग के 18 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों का चयन हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) पद पर हुआ है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि विभाग की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शोध तथा योग्य शिक्षाविदों के निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। चयनित अभ्यर्थियों में एम.कॉम. के वर्ष 2015-2017 सत्र से रीना, वर्ष 2017-2019 सत्र से विक्रम एवं सोनिया, वर्ष 2018-2020 सत्र से मनप्रीत कौर, प्रीति मित्तल, निशा यादव एवं प्रिया, वर्ष 2019-2021 सत्र से शिवानी, वर्ष 2020-2022 सत्र से अरुणा तथा वर्ष 2022-2024 सत्र से राहुल, दिव्या एवं ऋतु राठी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभाग के पीएच.डी. शोधार्थियों में डॉ. प्रीति गिल, डॉ. सीमा खान, शोभा, वीना, संगीता एवं सविता का चयन भी सहायक प्राध्यापक पद के लिए हुआ है।
कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि वाणिज्य विभाग की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शोध एवं विद्यार्थियों के सतत परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर विश्वविद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुभाष चंद ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य सदैव ऐसे शिक्षकों और शोधकर्ताओं का निर्माण करना रहा है, जो शिक्षा, अनुसंधान और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, नैतिक मूल्यों और समर्पण के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। विभाग के सभी प्राध्यापकों ने भी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपने शिक्षण, अनुसंधान एवं शैक्षणिक नेतृत्व के माध्यम से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
प्रो. सुभाष चंद ने कहा कि यह उपलब्धि वर्तमान एवं भावी विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। सहायक प्राध्यापक के रूप में चयनित ये युवा शिक्षाविद् गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों में ज्ञान, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। ये सभी चयनित अभ्यर्थी अपने समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट शिक्षण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा देश की उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *