करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में वही युवा सफल होगा, जिसमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, प्रभावी संवाद कौशल और विश्व के समकालीन मुद्दों को समझने की दृष्टि होगी। मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) जैसे मंच विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में सोचने और जिम्मेदार नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता अल्फ़ा इंटरनेशनल सिटी स्थित आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित “मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) – एमपावरिंग वॉइसेज, इंस्पायरिंग चेंज” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचार, तर्क और समाधान की मुक्तकंठ से सराहना की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, नेतृत्व कौशल, लोकतांत्रिक मूल्यों और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ऐसे जागरूक और दूरदर्शी युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जो वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिभा और विचारों का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का वास्तविक आधार निरंतर सीखना, अनुशासन, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना है। युवाओं को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण तथा मानवता के कल्याण के लिए करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रिंसिपल रेणु राघव एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों से आत्मीय भेंट कर सफल आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और वैश्विक दृष्टिकोण को मजबूत करने वाले ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजन समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यही युवा आने वाले समय में भारत को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
