करनाल, 22 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त एवं अंत्योदय उत्थान अधिकारी डॉ. राहुल रईया ने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 राउंड 1 के अंतर्गत 26 जुलाई को स्थानीय पंचायत भवन में प्रात: 10.00 से सांय 4.00 बजे तक एक दिवसीय अन्त्योदय मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम देवेंद्र शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 का उद्देश्य अंत्योदय परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वरोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोडक़र उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनमें स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा मिले और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अंत्योदय परिवारों से अपील करते हुए कहा कि वे 26 जुलाई को आयोजित मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले में पहुंचकर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

 इन विभागों के लगेंगे स्टॉल
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले में ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, सीएससी-ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, पशुपालन और डेयरी विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, बागवानी विभाग हरियाणा, हरियाणा कौशल विकास मिशन, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग निगम, हरियाणा रेड क्रॉस सोसायटी, हरियाणा महिला विकास निगम, रोजगार विभाग हरियाणा, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, मत्स्य विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय (एमएसएमई), हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ लिमिटेड, विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। इन स्टॉलों पर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *