करनाल, 22 जुलाई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर सुविधाओं, कार्यप्रणाली तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान आईसीयू, एचडीयू, ट्रॉमा सेंटर, ट्राईज कक्ष, जनरल वार्ड, पंजीकरण काउंटर, ओपीडी, प्रसूति कक्ष, न्यूट्रिशन सेंटर, चाइल्ड वार्ड, ब्लड बैंक तथा प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों से प्रत्येक विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील, विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी वार्डों एवं सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनरेटर बैकअप तथा उसकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समय-समय पर पावर ऑडिट भी करवाया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले ओपीडी मरीजों की संख्या, फायर सेफ्टी सिस्टम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाते हुए मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इस मौके पर एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. पूनम चौधरी, सीएमजीजीए श्रुति मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
