करनाल, 22 जुलाई। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के निर्देशों तथा स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी डॉ. राहुल रईया के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग करनाल की ड्रामा टीम लगातार शहर के वार्डों और ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटकों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को उनके मतदान के अधिकार और मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को विभाग की ड्रामा पार्टी के कलाकारों ने राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-13 में नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से स्कूली बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों को मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया।
कलाकारों ने दी पुनरीक्षण-2026 के शेड्यूल की जानकारी
नुक्कड़ नाटक में ड्रामा इंस्पेक्टर सुमेर पाल ने सुपरवाइजर की भूमिका में और साथी कलाकारों गुलाब सिंह, संदीप सैनी और अनुज ने मुख्य भूमिका निभाते हुए प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से बेहद रोचक ढंग से बताया गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा द्वारा गणना प्रपत्र जमा करवाने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब मतदाता अपना प्रपत्र 24 जुलाई तक भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करवा सकते हैं। कलाकारों ने पुनरीक्षण-2026 के शेड्यूल की जानकारी देते हुए बताया कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2026 है। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। दावे और आपत्तियों का निपटान 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्तूबर 2026 को किया जाएगा।
इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक सपना, शिक्षक प्रोमिला, राजेंद्र, नवजोत, नीलम कश्यप, निधि, नीलम बंसल सहित स्कूली बच्चे व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
