कुरुक्षेत्र। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से प्रेरणा समिति हरियाणा ने वर्षा ऋतु के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। इस अवसर पर पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए साइकिल यात्रा भी निकाली गई। समिति के सदस्यों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रेरणा समिति हरियाणा के संस्थापक एवं प्रांतीय अध्यक्ष, राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कार्यकारी सदस्य करमचंद, डॉ. सत्यनारायण शर्मा तथा राम कुमार के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इसके उपरांत सभी ने साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि प्रेरणा समिति हरियाणा पिछले अनेक वर्षों से पूरे प्रदेश में पौधारोपण और साइकिल यात्राओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जनजागरण अभियान चला रही है। समिति समय-समय पर विभिन्न जिलों में साइकिल रैलियां आयोजित कर लोगों को पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं वर्षों से साइकिल के माध्यम से हरियाणा के विभिन्न जिलों में भ्रमण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। अब तक वे 18 हजार से अधिक पौधे रोपित कर चुके हैं तथा उनका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर हरियाणा को हरित एवं स्वच्छ बनाना है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना तभी सार्थक है जब उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि वर्षा ऋतु में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। सभी ने एक स्वर में कहा कि “एक व्यक्ति–एक पौधा” का संकल्प ही भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण प्रदान कर सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *