कुरुक्षेत्र, 16 जुलाई। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि 17 जुलाई कुरुक्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली दिन होगा। इस ऐतिहासिक दिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा एवं कुरुक्षेत्र को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन ऐतिहासिक परियोजनाओं की तैयारियों का जायजा लेने हेतु कल रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं एसडीएम थानेसर के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें एलीवेटेड ट्रैक, रेलवे स्टेशन तथा उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एलीवेटेड ट्रैक के नीचे से गुजरने वाले मार्गों को आमजन एवं वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और अधिक सुगम बनाया जा रहा है।
रेलवे द्वारा निर्धारित नंबरिंग के अनुसार फाटक संख्या 65 (पुराना बस अड्डा के समीप) पर ऊँचाई अपेक्षाकृत कम होने के कारण लगभग 5.5 फीट का विशेष स्लोप बनाया जाएगा, जिससे छोटे से लेकर बड़े सभी प्रकार के वाहन आसानी से निकल सकेंगे। इसी प्रकार फाटक संख्या 64 (बाज़ार मार्ग) पर लगभग 2.5 फीट का स्लोप बनाया जाएगा, ताकि भारी वाहनों सहित सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके। वहीं फाटक संख्या 63 (बिरला मंदिर के समीप) पर लगभग 1.5 फीट का स्लोप विकसित किया जाएगा, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एलीवेटेड ट्रैक के नीचे रेलवे की निरीक्षण व्यवस्था के लिए बनाए गए पासेज, जो वर्तमान में यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, उन्हें आवश्यकतानुसार हटाकर एवं दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि एलीवेटेड ट्रैक परियोजना में लगभग 45 प्रतिशत वित्तीय योगदान भारतीय रेलवे का तथा 55 प्रतिशत योगदान हरियाणा सरकार का है। केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार हुई है, जिससे वर्षों पुरानी रेल फाटकों की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और शहर का यातायात अधिक सुगम होगा।
अधिकारियों ने बताया कि कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे स्टेशन अपनी तरह का भारत का पहला रेलवे स्टेशन है, जहाँ प्लेटफॉर्म एलिवेटेड ट्रैक के ऊपर बनाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों के लिए अलग से पार्किंग तथा प्लेटफॉर्म तक पहुँचने के लिए विशेष रैम्प बनाया गया है, जिससे वे बिना किसी कठिनाई के स्टेशन की सुविधाओं का उपयोग कर सकें।
रेलवे स्टेशन के निर्माण में धौलपुर से लाए गए लाल बलुआ पत्थर का व्यापक उपयोग किया गया है। कुरुक्षेत्र की सनातन परंपरा, भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि एवं धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए पूरे रेलवे स्टेशन की वास्तुकला एवं डिजाइन तैयार की गई है, जिससे यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत का भी भव्य स्वरूप प्रस्तुत करता है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं। एलीवेटेड ट्रैक के सभी प्रमुख पुलों को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। थानेसर सिटी रेलवे स्टेशन को विशेष रोशनी से जगमगाया जाएगा तथा ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और आतिशबाज़ी के साथ इस ऐतिहासिक अवसर का स्वागत किया जाएगा।
यह अवसर इसलिए भी विशेष है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा को समर्पित की जा रही है। स्वच्छ ऊर्जा आधारित यह तकनीक भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है और हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। इसी अवसर पर लगभग तीन एकड़ भूमि पर बनने वाले सिख म्यूजय़िम का शिलान्यास भी किया जाएगा। यह म्यूजय़िम सिख इतिहास, परंपरा तथा कुरुक्षेत्र से जुड़े दसों सिख गुरुओं की पावन स्मृतियों को समर्पित होगा। यह परियोजना धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा आगमन प्रदेश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यह कार्यक्रम उसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
