करनाल, 16 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के जिला अध्यक्ष पराग गाबा के नेतृत्व में आज करनाल शहर से जुड़े जनहित के गंभीर मुद्दों को लेकर उपायुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शहर की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, जर्जर सड़कों, अधूरे पड़े सिंगल पिलर फ्लाईओवर, चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था तथा एनसीआर में शामिल होने के बाद आम जनता को हो रही परेशानियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
पराग गाबा ने कहा कि करनाल की जनता वर्षों से अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच आज भी मरीज बेहतर इलाज के लिए भटक रहे हैं, लोग टूटी सड़कों पर अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं और रोजमर्रा की परेशानियों का कोई स्थायी समाधान दिखाई नहीं देता। जनता को भाषण नहीं, ज़मीन पर बदलाव चाहिए।
उन्होंने कहा कि कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डायलिसिस जैसी जीवनरक्षक सुविधा का अब तक शुरू न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना उनकी आर्थिक, मानसिक और शारीरिक पीड़ा को और बढ़ा देता है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की कमी को तत्काल पूरा किया जाए तथा बिजली व्यवस्था और जनरेटर हर समय सुचारु रखे जाएं, ताकि किसी मरीज की जान लापरवाही की भेंट न चढ़े।
ज्ञापन में सेक्टर-6, शहीद ऊधम सिंह मार्ग सहित पूरे शहर की टूटी और जर्जर सड़कों का विशेष सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। साथ ही वर्षों से अधूरे पड़े सिंगल पिलर फ्लाईओवर का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने, उसके नीचे होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान करने तथा रेलवे रोड की ओर उतरने वाले हिस्से को सुरक्षित बनाने की मांग भी उठाई गई।
पराग गाबा ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार समय की आवश्यकता है और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी भी है। कांग्रेस भी नियमों और अनुशासन के पालन की पक्षधर है, लेकिन व्यवस्था के नाम पर आम नागरिकों पर अत्याचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि आज व्यापार पहले ही आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है। छोटे दुकानदार, व्यापारी और मध्यम वर्ग का परिवार बड़ी मुश्किल से अपने घर का खर्च चला रहा है। ऐसे समय में भारी-भरकम चालान, वाहनों को इंपाउंड करना और छोटे-छोटे मामलों में आर्थिक बोझ डालना लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रहा है। कानून का उद्देश्य जनता को राहत देना होना चाहिए, न कि उसे भय और आर्थिक दबाव में जीने के लिए मजबूर करना।
पराग गाबा ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की वर्तमान प्रक्रिया पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि करनाल में लाइसेंस बनवाना आम नागरिक के लिए आवश्यकता से अधिक जटिल बना दिया गया है। टेस्ट प्रक्रिया को इतना कठिन बना दिया गया है कि आम लोग बार-बार असफल हो रहे हैं और महीनों तक लाइसेंस नहीं बन पाते। परिणामस्वरूप अनेक लोग भारी-भरकम चालानों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमों की कठोरता से पहले व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा की जाए, अनावश्यक जटिलताओं को दूर किया जाए तथा ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि पात्र व्यक्ति आसानी से अपना वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सके। जब व्यवस्था नागरिकों के लिए सहज होगी, तभी नियमों का पालन भी प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
पराग गाबा ने कहा कि यह ज्ञापन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि करनाल की जनता की वास्तविक समस्याओं और उनके दर्द को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए सौंपा गया है। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल जनता की आवाज़ बनकर हर उस मुद्दे को उठाती रहेगी जो आम नागरिक के जीवन, सुरक्षा, रोजगार और सम्मान से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि यदि इन जनहित के मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अंत में पराग गाबा ने कहा, “एक संवेदनशील प्रशासन वही होता है जो जनता की मजबूरियों को समझे। करनाल की जनता को दंड नहीं, सहयोग चाहिए; परेशानियां नहीं, समाधान चाहिए; और खोखले वादे नहीं, ज़मीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए। कांग्रेस हर उस परिवार की आवाज़ बनकर खड़ी रहेगी जिसकी उम्मीदें आज भी व्यवस्था से न्याय की प्रतीक्षा कर रही हैं।”
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के जिला अध्यक्ष पराग गाबा के साथ जोगिंदर वाल्मीकि, बिंदर पोसवाल, दिलशेर डॉचर, तरुण चौहान, ललित अहूजा, संदीप महाजन (दीपक), जीत राम कश्यप, ओम प्रकाश सलूजा, मनोज वाधवा, निश्चय सोही, सतीश बिंदल, सोनी शर्मा कूटेल, रजत लाठर, सुमित मदान , बृज भूषण शर्मा,राजीव गोंदर, ललित बुटाना, अमर सिंह रंगा, राजेंद्र कल्याण, राजिंद्र बल्ला, सुरेन्द्र नम्बरदार, लाडी संधू, सुरेश चौधरी, परवीन पुनिया, धर्मबीर पुनिया, सी.आर. चौधरी, राकेश ढाकवाला, भारत ढिल्लो, जोगा जी, पृथ्वी राज भाट, कपिल ठाकुर, देवेन्द्र संधू, कुलदीप सिंह, अशोक जैन, किशन सोलंकी, रविन्द्र रावल, सुरेश काछवा, जितेन्द्र पांचाल, श्रवण कुमार, बुधराम तथा रौनक राम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *