कुरुक्षेत्र, 16 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि 17 जुलाई को धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र ऐतिहासिक सौगातों का साक्षी बनेगा और विकास को नए आयाम मिलेंगे। इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जींद से वर्चुअल माध्यम से रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उदघाटन करेंगे। इसके अलावा गांव उमरी में बनने वाले सिख संग्रहालय परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। अहम पहलू यह है कि यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लेने उपरांत बोल रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हाल में इस कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन परियोजनाओं का 17 जुलाई को जींद से ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में सुबह 10 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी व हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, चेयरमैन गुरनाम सैनी, चेयरमैन रविन्द्र सांगवान, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तैयारियां की गई है और विभागीय अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई है।
उपायुक्त ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से शहर के लोगों और बाहर से शहर में आने वाले नागरिकों को बहुत बड़ा लाभ होगा। शहर की पांच रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से रेलवे एलिवेटिड ट्रैक तैयार किया गया है। अब रेलगाड़ी ऊपर की पटरी से होकर गुजरा करेगी और नीचे वाहनों के लिए मार्ग 24 घंटे खुला रहेगा। ऐसा होने से वाहन चालकों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और सबसे बड़ी बात व्यापार में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। इस शहर के साथ लगते गांव उमरी की जमीन पर सिख संग्रहालय की परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस सिख संग्रहालय में दस गुरुओं के इतिहास को दर्शाया जाएगा।
