करनाल, 16 जुलाई। जिला नगर योजनाकार के अनुसार पुलिस की मदद और डयूटी मैजिस्ट्रेट की अगुवाई में जिला में तीन अवैध कालोनियों और एक अवैध निर्माण के खिलाफ तोडफ़ोड़ की कार्रवाई अमल में लाई गई है।
उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलोनी पुंडरक गांव में स्थित थी जिसका एरिया लगभग 10 एकड़ था। इस कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान, प्लॉट की निशानदेही व कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया। दूसरी अवैध कॉलोनी काछवा रोड गांव डबरी में थी जिसका एरिया लगभग 6 एकड़ था। इस कॉलोनी में भी सभी कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया। तीसरी अवैध कॉलोनी केन्द्रीय विद्यालय के सामने कस्बा करनाल की थी जिसका एरिया लगभग 17 एकड़ था। इस कॉलोनी में सीवरेज नेटवर्क व सभी कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गांव काछवा में एक अवैध निर्माण को गिराया गया।
उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कार्रवाही की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के जाल में न फंसें। शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीद कर घर बनाएं। साथ ही डीलरों से अपील की है कि वे नगर योजनाकार विभाग हरियाणा से लाइसेंस लेकर ही कॉलोनी विकसित करें।
