करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बुधवार को डॉ. मंगलसेन प्रेक्षागृह में आयोजित “करनाल्स बिगेस्ट मेगा शो-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक मंच युवाओं को अपनी पहचान बनाने, आत्मविश्वास विकसित करने और समाज में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि करनाल प्रतिभाओं की धरती है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। नगर की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है जब उसे समाज के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिले। शैफी मेकओवर द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम प्रतिभा, सौंदर्य, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट संगम रहा, जिसने करनाल की नई पीढ़ी को अपनी कला और व्यक्तित्व का प्रभावशाली प्रदर्शन करने का शानदार मंच प्रदान किया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने करनाल विधायक जगमोहन आनंद की धर्मपत्नी रेखा आनंद, शैफी, मीना सहित अन्य गणमान्य अतिथियों एवं सम्मानित नागरिकों से आत्मीय भेंट भी की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की एक से बढ़कर एक सुंदर प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया तथा आयोजन का उत्साहपूर्ण वातावरण सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायक आयोजन करनाल की प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *