अब मरीज यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भी कर सकेंगे भुगतान
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल भुगतान (डिजिटल पेमेंट) व्यवस्था शुरू कर दी गई है। एचडीएफसी बैंक की ओर से अस्पताल को डिजिटल पेमेंट मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से अब मरीज यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से आसानी से भुगतान कर सकेंगे। नई व्यवस्था का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने स्वयं डिजिटल माध्यम से भुगतान कर किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि विश्वविद्यालय मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को खुले पैसे या नकदी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे अस्पताल की सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और समयबद्ध बनेंगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी मरीजों की सुविधा के लिए तकनीक आधारित व्यवस्थाओं का विस्तार करता रहेगा।
कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप विश्वविद्यालय लगातार अपनी सेवाओं को तकनीक से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डिजिटल भुगतान सुविधा शुरू होने से मरीजों को त्वरित और सुरक्षित भुगतान का विकल्प मिलेगा तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली भी अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनेगी।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला ने बताया कि अब तक कई मरीजों को खुले पैसे या नकदी उपलब्ध न होने के कारण भुगतान में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। डिजिटल भुगतान सुविधा शुरू होने से मरीज बिना किसी असुविधा के तुरंत भुगतान कर सकेंगे, जिससे पंजीकरण और अन्य भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं भी आसान होंगी। इस अवसर पर वित्त अधिकारी अशोक ग्रोवर तथा एचडीएफसी बैंक के अधिकारी एवं विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *