करनाल। जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जल निकासी, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, टूटी सड़कों, सीवरेज, स्वच्छता तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की संतुष्टि ही नगर निगम की कार्यप्रणाली की वास्तविक कसौटी और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। शहर में बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था, प्रभावी सफाई प्रबंधन, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, हरित वातावरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, सहयोग और सुझाव ही किसी भी शहर के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। नगर निगम तभी और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकता है, जब नागरिक अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर हमारे सामने रखें। जनभागीदारी के बिना समग्र विकास की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने तथा अपने आसपास स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और विकसित करनाल का सपना तभी साकार होगा, जब प्रशासन और आमजन एक टीम की तरह मिलकर कार्य करेंगे।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उनके समाधान का आश्वासन दिया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
और मजबूत होगी पहचान
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से करनाल स्वच्छता, सुशासन, आधारभूत सुविधाओं और समग्र विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। साथ ही प्रदेश के अग्रणी शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान और अधिक मजबूत करेगा।
