करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाली जनसभा को विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उनके प्रेरक विचार प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के लिए नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता एवं नागरिक को इस ऐतिहासिक रैली का सहभागी अवश्य बनना चाहिए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस संबंध में हरियाणा के चीफ व्हिप राम कुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर तथा अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रैली की व्यवस्थाओं, संगठनात्मक तैयारियों और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत मंथन किया। बैठक में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, परिवहन व्यवस्था तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना अब जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाए तथा अधिक से अधिक लोगों को जींद रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करे।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसभा प्रदेश के विकास और संगठनात्मक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ रैली को ऐतिहासिक बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि करनाल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन रैली में पहुंचकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनेंगे और विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूती देंगे।
जन जन तक पहुंचाएंगे संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा रैली को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण, एकजुटता और उत्साह के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
