करनाल, 14 जुलाई। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार आधुनिक आधारभूत ढांचे, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत कनेक्टिविटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जींद जिला 17 जुलाई को इतिहास रचेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह भारत को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन के नए दौर में प्रवेश दिलाएगा।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हरियाणा 17 जुलाई को विकास की ऐसी ऐतिहासिक सौगात का साक्षी बनने जा रहा है जो प्रदेश के भविष्य की नई तस्वीर तय करेगी। उन्होंने कहा कि आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस ऐतिहासिक सौगात का साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद व विधायकगणों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी और प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
