कुरुक्षेत्र, 13 जुलाई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद एवं योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बन सकते हैं।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के निर्देशन में आज कुरुक्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और गांव मुंडा खेड़ा के विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कुरुक्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में डॉ. संदीप द्वारा 34 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट नेहा ने आवश्यकतानुसार विद्यार्थियों को नि:शुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया। शिविर में योग सहायक दीपक एवं योग कोऑर्डिनेटर प्रीति ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास एवं प्राणायाम करवाकर दैनिक जीवन में योग के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता, ऋतु के अनुसार दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं गांव मुंडा खेड़ा में डॉ. राजीव बिरवाल के नेतृत्व में 44 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक औषधियां वितरित की गईं। इस शिविर में रितु रानी, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट, राजीव योग सहायक और पंकज उपस्थित रहे।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर खरकाली गांव शहजादपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में डॉ. सपना (आयुष चिकित्सा अधिकारी), पूनम (आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट) व प्रदीप कुमार (योग सहायक) ने स्वास्थ्य शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में कुल 66 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में वर्षा ऋतु के दौरान होने वाले सामान्य रोगों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। तथा मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच भी की गई।
