करनाल,13 जुलाई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को अपने प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मानसून को मद्देनजर रखते हुए सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ से बचाव के लिए यमुना नदी के तटबंधों को मजबूत करने के कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्य को भी जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों के जान-माल की रक्षा व सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सबसे पहले लालुपुरा यमुना नदी तटबंध का निरीक्षण किया और बाढ़ से बचाव के कार्य का जायजा लिया। इस मौके पर ग्रामीणों ने यमुना नदी में पशुओं की सुविधा के लिए एक रैंप बनवाने बारे अनुरोध किया। इस पर हरविन्द्र कल्याण ने संज्ञान लेते हुए मौके पर ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को जल्द पूरा करवाया जाए। इसके बाद हरविन्द्र कल्याण ने मंगलौरा में नए स्टड निर्माण व मरम्मत के कार्य का मौका मुआयना किया और ग्रामीणों से बातचीत की। इस पर ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा आपके दिशा-निर्देशानुसार एडवांस में ही बाढ़ से बचाव के कार्य को पूरा करवाया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण व सिंचाई विभाग के अधिकारियों का आभार जताया।
हरविन्द्र कल्याण ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा इस वर्ष करनाल जिला में बाढ़ से बचाव के प्रबंधों को पूरा करने के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इस राशि से जिला में कुल 46 नए स्टड व दस पुराने स्टडों का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अकेले घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा 32 नए स्टड बनाए गए हैं व 9 स्टडों की मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है जिस पर जिला के कुल बजट में से अनुमानित सवा 15 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा मंगलौरा से ढाकवाला तक लगातार पहली बार 26 नए स्टड बनाए गए हैं। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय राहर, कार्यकारी अभियंता मनोज, एसडीओ करनैल सिंह, बीडीपीओ मोनिका सहित गांव के मौजिज व्यक्ति मौजूद रहे।
बॉक्स: घरौंडा क्षेत्र के इन गांवों में बाढ़ से बचाव के लिए बनाए नए स्टड
सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय राहर ने बताया कि अकेले घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में 32 नए स्टड बनाए गए हैं और 9 की मरम्मत की गई है। इनमें गांव कुंडाकलां में 5, ढाकवाला में 7, दिलावरा में 10 और मंगलौरा में 9 नए स्टड बनाए गए हैं वहीं खिराजपुर में एक, लालुपुरा में 4 तथा सदरपुर में 4 स्टड की मरम्मत का कार्य किया गया है।
बॉक्स: लालुपुरा यमुना नदी तट पर किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गांव लालुपुरा में यमुना नदी तटबंध पर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानसून का सीजन शुरू हो चुका है और ऐसा वातावरण पौधारोपण के लिए फायदेमंद है इसलिए हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक पौधा तो अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करके वृक्ष बनाएं। पेड़ हमारे जीवन के लिए बहुत ही फायदेमंद हैं।
