कुरुक्षेत्र। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एडवोकेट मधुसूदन बवेजा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के विकास की मजबूत नींव कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में रखी गई। उन्होंने दावा किया कि जिले में हुए अधिकांश बड़े विकास कार्य कांग्रेस की देन हैं।
बवेजा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, ब्रह्मसरोवर का विकास, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, लोकनाटक एवं सांस्कृतिक संस्थानों का विस्तार, जयप्रकाश अस्पताल, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल, हुडा सेक्टरों का विकास, थानेसर एवं ज्योतिसर रेलवे स्टेशन, कन्या महाविद्यालय, आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, एनआईएफएएडी, रेलवे की डबल लाइन, विद्युतीकृत रेल मार्ग, तथा जिला एवं जिला कचहरी जैसे अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य कांग्रेस शासन में हुए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में कुरुक्षेत्र को कोई बड़ा नया विकास कार्य नहीं मिला। उनका आरोप है कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुई थी, लेकिन वर्ष 2014 से 2026 तक इसका कार्य लंबे समय तक अधूरा रहा। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्घाटन पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
एडवोकेट बवेजा ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियों का बढ़-चढ़कर प्रचार करती है, जबकि वास्तविकता यह है कि अधिकांश आधारभूत विकास कार्य कांग्रेस सरकारों की देन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शाहाबाद, मारकंडा, पिहोवा और लाडवा को सब-डिवीजन का दर्जा दिलाने का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास और जनहित की राजनीति की है तथा भविष्य में भी जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करती रहेगी।
