आज साँझा साहित्य मंच, करनाल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय “करनाल साहित्य उत्सव” में डॉ. सीमा बिरला (कुरुक्षेत्र) को साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सतत साहित्य सेवा के लिए प्रतिष्ठित “ओम प्रकाश अंशु सम्मान” से सम्मानित किया गया।
यह गरिमामय आयोजन राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड, करनाल में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर से अनेक ख्यातिलब्ध साहित्यकारों, कवियों एवं साहित्य प्रेमियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आकाशवाणी के सुप्रसिद्ध उद्घोषक एवं हिंदी अकादमी, दिल्ली के पूर्व उपसचिव श्री ऋषि कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री रोहतास वर्मा (जिला शिक्षा अधिकारी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवचेतना मंच के अध्यक्ष श्री एस. पी. चौहान ने की।
इस अवसर पर साहित्यकार सम्मान समारोह के साथ-साथ काव्य गोष्ठी, पुस्तक विमोचन तथा पुस्तक मेले का भी सफल आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में साहित्यिक सौहार्द, रचनात्मकता और सांस्कृतिक गरिमा का सुंदर संगम देखने को मिला।
यह सम्मान मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि साहित्य साधना के पथ पर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा है। इस सम्मान के लिए साँझा साहित्य मंच एवं सभी आदरणीय आयोजकों, निर्णायकों तथा साहित्यकारों का हृदय से आभार एवं सादर नमन।
