आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित-हेल्पलाइन नंबर 01842-267271
करनाल, 11 जुलाई। मानसून की सक्रियता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान जिले में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जलभराव की किसी भी स्थिति से पहले ही निपटने के निर्देश दिए।
शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में बाढ़ एवं जलभराव की संभावित परिस्थितियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले स्थानों पर एक जूनियर इंजीनियर (जेई), एक एएसआई तथा सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात की जाए, जिससे किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित करना है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में जलभराव न हो और नागरिकों को मानसून के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को बरसाती पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि यमुना तटवर्ती गांवों में संभावित जलभराव अथवा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण और संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं।
बैठक के बाद उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों के साथ गांव चंद्राव और शेरगढ़ टापू का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव के सरपंच, नम्बरदार, ग्राम सचिव, पटवारी तथा स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी और सुझाव भी सुने।
उपायुक्त ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका हेल्पलाइन नंबर 01842-267271 है।
