करनाल, 12 जुलाई। स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रइया ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आनन्द कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वीप जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मौजूदा मतदाताओं के साथ-साथ युवाओं, विशेषकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करवाना है।
स्वीप गतिविधियों के तहत करनाल शहर, असंध, गांव ऊंचाना, घरौंडा शहरी के गड़रिया मोहल्ला, कश्यप मोहल्ला, भोला कॉलोनी तथा नीलोखेड़ी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल अधिकारियों के साथ मिलकर एसआईआर फॉर्म भरवाने में लोगों की सहायता की। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन करने के तरीके तथा मतदान के महत्व और वोट की ताकत के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
