करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शनिवार को सेवा भारती हरियाणा प्रदेश द्वारा आयोजित “समर्थ किशोरी आयाम” प्रशिक्षण कार्यक्रम में किशोरियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को आत्मरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि आज की सशक्त बेटी ही कल के सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। बेटियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, स्वच्छता, अनुशासन और आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण भी समय की आवश्यकता है। सेवा भारती द्वारा चलाया जा रहा ‘समर्थ किशोरी आयाम’ अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय प्रयास है। ऐसी पहलें किशोरियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें जीवन की हर चुनौती का आत्मविश्वास से सामना करने के लिए तैयार करती हैं।
कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि किशोरियों को संस्कार, शिक्षा और सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जब हमारी बेटियां सक्षम और आत्मविश्वासी बनेंगी, तभी समाज और राष्ट्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। सेवा भारती का यह प्रयास निश्चित रूप से अत्यंत प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से डॉ. प्रीतम, हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के सदस्य कपिल अत्रेजा, सेवा भारती के अध्यक्ष विपिन अरोड़ा, उपाध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता, चेयरपर्सन मेघा भंडारी, डॉ. मंजुषा, अलका चौधरी, स्वतंत्र कुकरेजा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बेटियां निभाएं प्रभावी भूमिका
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सेवा भारती हरियाणा प्रदेश की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बेटियों के सर्वांगीण विकास की ऐसी मुहिम लगातार आगे बढ़ती रहनी चाहिए, ताकि प्रत्येक बेटी आत्मविश्वास, संस्कार और क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सके।
