कुरुक्षेत्र 10 जुलाई। फरीदाबाद में सूत्रधार थियेटर फाउंडेशन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा कला परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष महेश जोशी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भरतमुनि गौरव सम्मान से नवाजा गया। संस्था के निदेशक अनिल नैयर ने कला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा इसके वैश्विक विस्तार में महेश जोशी के बहुमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें यह स्मृति चिह्न और सम्मान पत्र भेंट किया। इस विशेष सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध रचना पर आधारित नाटक श्यामा का जिहाद का मंचन रहा। सूत्रधार थियेटर फाउंडेशन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस नाटक ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक के सफल समापन के बाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के निदेशक अनिल नैयर ने कहा कि महेश जोशी का जीवन कला और लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित रहा है। परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में उनकी कार्यशैली राज्य की छिपी हुई सांस्कृतिक प्रतिभाओं को एक नया मंच दे रही है। इसी अथक प्रयास को देखते हुए रंगमंच के प्रणेता आचार्य भरतमुनि के नाम पर स्थापित यह भरतमुनि गौरव सम्मान उन्हें सौंपना पूरी संस्था के लिए गर्व की बात है। सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में महेश जोशी ने सूत्रधार थियेटर फाउंडेशन और फरीदाबाद के कलाप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत रूप से मेरा नहीं, बल्कि हरियाणा की उस समृद्ध लोक संस्कृति और रंगमंच का सम्मान है, जो हमारे समाज की रीढ़ है। जोशी ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद की कहानियों को आज के दौर में मंच पर लाना और युवा पीढ़ी को उनसे जोड़ना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि हरियाणा कला परिषद राज्य के हर कोने में रंगमंच, सांग और लोक विधाओं को पुनर्जीवित करने तथा कलाकारों को उचित सम्मान और आर्थिक संबल देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
