कुरुक्षेत्र, 9 जुलाई। जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम के अंतर्गत एक्सटेंडेड 100 सीटों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। जिले के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कक्षा 11 वीं विज्ञान संकाय के ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें, जो कक्षा 10 में सुपर-100 कार्यक्रम के लिए पंजीकरण नहीं कर पाए थे अथवा पंजीकरण के बावजूद लेवल-1 या लेवल-2 प्रवेश परीक्षा में किसी कारणवश सम्मिलित नहीं हो सके थे।
जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान किया गया है ताकि वे सुपर-100 कार्यक्रम का हिस्सा बनकर जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क गुणवत्तापूर्ण तैयारी का लाभ उठा सकें।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने कहा कि सुपर-100 कार्यक्रम का ऑनलाइन पंजीकरण 09 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो चुका है, 12 जुलाई 2026 से प्रवेश-पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे तथा 14 जुलाई 2026 को लेवल-1 प्रवेश परीक्षा कुरुक्षेत्र में आयोजित की जाएगी। सुपर 100 लेवल-1 का परिणाम 17 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा, 19 जुलाई 2026 को लेवल-2 प्रवेश परीक्षा होगी, 23 जुलाई 2026 को लेवल-2 का परिणाम घोषित किया जाएगा तथा चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 25 जुलाई 2026 से प्रारम्भ होंगी।
उन्होंने कहा कि सुपर-100 कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है। यह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कि सभी इच्छुक विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन डॉट बुनियाद एचआरवाई डॉट कॉम पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *